रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 30 नवंबर 2025: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। रोहित ने पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी के 351 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक 352 छक्के पूरे कर लिए।
रोहित ने यह कारनामा 16वें ओवर में मार्को जानसेन की गेंद पर अपने सिग्नेचर पुल शॉट से किया। उससे पहले 15वें ओवर में स्पिनर प्रेनेलन सुब्रेयन पर दो लगातार छक्के जड़कर उन्होंने अफरीदी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी। जैसे ही तीसरा छक्का लगा, पूरा स्टेडियम “हिटमैन… हिटमैन” के नारों से गूंज उठा।
इस पारी में रोहित ने 60वां वनडे अर्धशतक भी जड़ा और लगातार तीसरे वनडे में 50+ रन बनाए। महज 277 पारियों में यह मुकाम हासिल करने वाले रोहित अब वनडे इतिहास के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शुमार हो गए हैं। अफरीदी ने 351 छक्के 369 पारियों में लगाए थे, जबकि तीसरे नंबर पर मौजूद वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम 331 छक्के हैं।
सभी प्रारूपों को मिलाकर रोहित के अंतरराष्ट्रीय छक्के अब 642 हो गए हैं, जो खुद उनका ही विश्व रिकॉर्ड है। रांची की भीड़ ने खड़े होकर तालियां बजाईं और रोहित ने हेलमेट उतारकर अपना अंदाज़ में अभिवादन स्वीकार किया।