रामगढ़ में भारत विकास परिषद के तत्वावधान में 51 जोड़ों का चतुर्थ सामूहिक विवाह समारोह सम्पन्न

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 30 नवंबर: शहर के श्री गुरुगोविंद सिंह ऑडिटोरियम परिसर में रविवार को भारत विकास परिषद रामगढ़ इकाई द्वारा आयोजित चतुर्थ सामूहिक विवाह समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच एक साथ 51 गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न हुआ।

समारोह का उद्घाटन हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने बतौर मुख्य अतिथि किया। उन्होंने सभी 51 नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की दिशा में क्रांतिकारी कदम है। सांसद जायसवाल ने कहा कि यदि समाज का हर सक्षम व्यक्ति एक जरूरतमंद बेटी के विवाह का दायित्व उठा ले तो बेटियाँ कभी बोझ नहीं बनेंगी। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में “सांसद सामूहिक विवाह योजना” शुरू की है, जिसके तहत 8 फरवरी 2026 को रामगढ़ में ही 101 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह आयोजित होगा।

कार्यक्रम के सफल संचालन में शाखा अध्यक्ष सरदार अनमोल सिंह, कार्यक्रम संयोजक गोविंद पी. मेवाड़, पूर्व अध्यक्ष अमित साहू, सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रत्येक नवदंपति को घरेलू उपयोग की सामग्री, वस्त्र, बर्तन एवं नकद राशि भेंट की गई।

बड़ी संख्या में उपस्थित शहरवासियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। यह आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों के सम्मानजनक विवाह और समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ।