रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 28 नवंबर: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी ला दी है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत अनुबंध आधार पर 134 विशेषज्ञ चिकित्सकों व 41 मेडिकल ऑफिसरों की नियुक्ति के लिए शुरू की गई अनूठी ‘बोली प्रणाली’ अब अंतिम चरण में पहुँच गई है। इस प्रक्रिया में चयनित उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन 3 दिसंबर 2025 को होगा।
यह देश की पहली ऐसी व्यवस्था है जिसमें डॉक्टर अपनी पसंद के जिले व स्वास्थ्य केंद्र के लिए सबसे कम मानदेय की बोली लगाते हैं। न्यूनतम बोली लगाने वाले को प्राथमिकता मिलती है। इसका उद्देश्य दूर-दराज व कठिन क्षेत्रों में विशेषज्ञों की कमी दूर करना है। जुलाई 2025 में इसी प्रक्रिया से 126 विशेषज्ञ डॉक्टरों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह कवायद पारंपरिक भर्ती की तुलना में तेज और पारदर्शी है। शिशु रोग, स्त्री रोग, सामान्य शल्य चिकित्सा, एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विशेषज्ञताओं के पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 3 दिसंबर को सुबह 10 बजे से झारखंड कर्मचारी चयन आयोग या JRHMS कार्यालय में मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। अनुपस्थिति में दावा रद्द हो जाएगा।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेज सत्यापन के बाद अंतिम मेरिट लिस्ट जारी कर शीघ्र जॉइनिंग दी जाएगी। इससे राज्य के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व जिला अस्पतालों में विशेषज्ञ सेवाएँ बेहतर होंगी।