रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 27 नवंबर। झारखंड सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर कल 28 नवंबर को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य ‘नियुक्ति वर्ष’ समारोह आयोजित होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं दस हजार से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह राज्य में अब तक का सबसे बड़ा एकल नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम होगा।
कार्यक्रम में प्राथमिक व मध्य विद्यालयों के लिए चयनित लगभग आठ हजार सहायक आचार्यों को सबसे अधिक नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस विभाग में 8,512 सिपाहियों की बहाली के साथ 11वीं से 13वीं झारखंड सिविल सेवा परीक्षा के 197 सफल अभ्यर्थी, उप समाहर्ता, डीएसपी, राज्य कर पदाधिकारी, काराधीक्षक, झारखंड शिक्षा सेवा सहित नौ विभागों के कुल 10,000 से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जाएंगी।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कई काउंटर बनाए गए हैं। दस्तावेज सत्यापन की जिम्मेदारी स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसे युवाओं के लिए ऐतिहासिक दिन बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। यह कार्यक्रम ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ अभियान के समापन का भी प्रतीक होगा। राज्यभर से आने वाले अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है।