रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची 27 नवंबर: केंद्रीय विश्वविद्यालय ऑफ झारखंड (सीयूजे) ने राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की ग्रेडिंग में A+ ग्रेड हासिल कर इतिहास रच दिया है। झारखंड राज्य का यह पहला और एकमात्र विश्वविद्यालय है जिसे यह सम्मान प्राप्त हुआ है। अंतिम CGPA 3.27 रहा।
फरवरी 2025 में NAAC पीयर टीम ने विश्वविद्यालय का दौरा किया था। प्रारंभिक ग्रेडिंग के बाद विश्वविद्यालय ने कुछ मानकों पर पुनर्मूल्यांकन का अनुरोध किया। NAAC ने अनुरोध स्वीकार किया और डेटा वैलिडेशन एवं वेरिफिकेशन (DVV) के बाद अंकों में सुधार हुआ, जिससे A+ ग्रेड प्राप्त हुआ।
कुलपति प्रो. क्षिति भूषण दास के नेतृत्व में पिछले चार वर्षों में विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्तमान में 40 करोड़ रुपये से अधिक की शोध परियोजनाएँ संचालित हैं। परिसर में 500 किलोवाट सोलर प्लांट, रिमोट एक्सेस लाइब्रेरी, लैंग्वेज लैब, मल्टीमीडिया स्टूडियो और कम्युनिटी रेडियो स्थापित किए गए हैं।
विश्वविद्यालय अब अपने स्थायी परिसर से पूर्ण रूप से संचालित हो रहा है और 3000 से अधिक छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहा है। दक्षिण कोरिया, जापान, चीन, जर्मनी एवं चिली के विश्वविद्यालयों के साथ MoU एवं शोध सहयोग चल रहा है। प्लेसमेंट दर 70 प्रतिशत से ऊपर पहुँच गई है।
बुधवार को कुलपति प्रो. दास ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्रों को संबोधित कर इस उपलब्धि की औपचारिक घोषणा की और इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। यह उपलब्धि झारखंड के उच्च शिक्षा मानचित्र पर एक स्वर्णिम अध्याय है।