रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
“लोकतांत्रिक आदर्शों का प्रतीक है संविधान” : बी.एन. साह
रामगढ़ : दिनांक 26 नवंबर 2025 को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में संविधान दिवस समर्पण भाव और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि भारतीय संविधान केवल सर्वोच्च मानवीय मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक आदर्शों का प्रतीक ही नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के सम्मान, अधिकार और कर्तव्य का मजबूत आधार भी है। उन्होंने कहा कि संविधान हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सतत प्रगति का मार्गदर्शक है।
संस्था सचिव प्रियंका कुमारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान में निहित मूल्यों एवं सिद्धांतों का निष्ठापूर्वक पालन करे और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करे।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास का स्तंभ है, जो हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) का सामूहिक वाचन कर शपथ ग्रहण किया तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष, व्याख्याता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।