राधा गोविन्द विश्वविद्यालय प्रांगण में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

मानवता की सच्ची सेवा है रक्तदान : कुलाधिपति बी. एन. साह

रामगढ़ : राधा गोविन्द विश्वविद्यालय प्रांगण में बुधवार, 26 नवंबर 2025 को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, रामगढ़ द्वारा मानवता सेवा को समर्पित रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया।

शिविर का शुभारंभ कुलाधिपति बी. एन. साह, रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन अनूप कुमार, वाइस चेयरमैन महावीर अग्रवाल तथा सचिव इन्द्रनाथ सिंह सैनी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

शिविर में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 100 से अधिक यूनिट रक्तदान किया। इस अवसर पर रेड क्रॉस चेयरमैन अनूप कुमार ने कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। उन्होंने कहा, “रक्तदान मानवता के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।”

कुलाधिपति बी. एन. साह ने रेड क्रॉस सोसाइटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी आशा है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह समाजहित में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।

विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि यह शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व पर प्रेरित किया।

रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन महावीर अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं। सचिव इन्द्रनाथ सिंह ने बताया कि एक यूनिट रक्त तीन मरीजों की जान बचा सकता है। डॉक्टरों की टीम ने सभी दाताओं की स्वास्थ्य जांच कर ही रक्तदान करवाया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी, डॉक्टर, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।