रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 26 नवंबर: झारखंड में सर्दी ने एकदम से जोर पकड़ लिया है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 4-5 डिग्री की भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, खूंटी में सबसे कम 9.2 डिग्री, लोहरदगा 9.5, गुमला 9.7 और सिमडेगा में 9.8 डिग्री तापमान रहा। कुल 13 जिले ऐसे हैं जहाँ पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है।
राजधानी रांची में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता 500 मीटर तक सीमित हो गई, जिससे वाहन चालकों को खासी परेशानी हुई। रांची का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहा। शाम ढलते ही ठिठुरन बढ़ जाती है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाएँ और साफ आसमान के कारण तापमान तेजी से गिर रहा है। अगले चार दिनों तक और 2-3 डिग्री की गिरावट संभव है। 30 नवंबर तक कई इलाकों में पारा 7-9 डिग्री तक पहुँच सकता है, जिससे शीत लहर की स्थिति बन सकती है।
प्रशासन ने लोगों से गर्म कपड़े पहनने और कोहरे में सावधानी बरतने की अपील की है। ठंड से बचने के लिए शहरों और गाँवों में अलाव जलाए जा रहे हैं।