रामगढ़ डीडीसी ने पतरातू प्रखंड में किया व्यापक निरीक्षण

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 23 नवंबर : जिला उपायुक्त के प्रतिनिधि एवं डीडीसी आशीष अग्रवाल ने शनिवार को पतरातू प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, डीएमएफटी मद से बन रहे पीसीसी पथों की गुणवत्ता तथा नाबार्ड की महत्वाकांक्षी जीवा परियोजना का जायजा लिया।

सर्वप्रथम डीडीसी घुटूवा क्षेत्र के मुस्लिम टोला तथा लबगा पंचायत पहुंचे। यहां उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, पोषण सामग्री, बच्चों की उपस्थिति एवं रिकॉर्ड का बारीकी से अवलोकन किया। केंद्रों के प्रभावी संचालन तथा अधिक से अधिक बच्चों, गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को योजना का लाभ दिलाने के सख्त निर्देश दिए।

इसके बाद लबगा पंचायत के गेगदा में डीएमएफटी फंड से बन रहे पीसीसी पथ का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता देखकर डीडीसी ने ठेकेदार व अभियंताओं को समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलनी चाहिए।

दौरे के अंतिम चरण में डीडीसी बारीडीह पंचायत के खपिया गांव पहुंचे। यहां नाबार्ड प्रायोजित जीवा (झारखंड इनिशिएटिव फॉर वीमेन एडवांसमेंट) परियोजना के तहत लगाए गए बायोडायजेस्टर व उससे जुड़ी जैविक खेती का निरीक्षण किया। लाभार्थी महिलाओं से बातचीत कर बायोगैस उत्पादन, जैविक खाद उपयोग एवं आय वृद्धि की जानकारी ली। परियोजना के विस्तार व रखरखाव हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, जिला योजना पदाधिकारी संतोष भगत, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी (मनरेगा) विजय कुमार सहित प्रखंड व पंचायत स्तर के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

डीडीसी ने सभी योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।