राधा गोविंद विश्वविद्यालय के गौतम रामगढ़ का गौरव बनेगा: सरदार @150 यूनिटी मार्च में झारखंड को मिला प्रतिनिधित्व

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़/नई दिल्ली, 23 नवंबर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर चल रहे ‘सरदार @150 यूनिटी मार्च’ में झारखंड के रामगढ़ जिले का नाम रोशन होगा। गोला प्रखंड के सेरेंगडाग गांव के गौतम कुमार महतो इस राष्ट्रीय पदयात्रा में रामगढ़ जिले का एकमात्र प्रतिनिधि बनकर दिल्ली से गुजरात तक की 150 किलोमीटर की ऐतिहासिक यात्रा में शामिल होंगे।

राधा गोविंद विश्वविद्यालय के शोधार्थी एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता गौतम महतो 22 से 28 नवंबर तक दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के विभिन्न चरणों में भाग लेंगे। भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के MY Bharat अभियान के तहत आयोजित इस मार्च का शुभारंभ 22 नवंबर को दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने हरी झंडी दिखाकर किया।

गौतम ने बताया, “लौहपुरुष सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोया। आज उनके सपनों को साकार करने का अवसर मिला है। अपने गांव-जिले का नाम देश के सबसे बड़े मंच पर ले जाना मेरे लिए जीवन का सबसे बड़ा गर्व है।”

इस मार्च में लाखों युवा ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ एवं ‘विकसित भारत @2047’ का संकल्प ले रहे हैं। गौतम महतो की भागीदारी से रामगढ़ सहित पूरे झारखंड के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना साबित करता है कि प्रतिभा को कोई सीमा नहीं रोक सकती।