रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 22 नवंबर: झारखंड विधानसभा ने आज अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर लिए। इस स्वर्णिम अवसर पर विधानसभा परिसर में शनिवार को भव्य रजत जयंती समारोह आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित सभी मंत्री और विधायक उपस्थित रहे।
समारोह में शहीद पुलिसकर्मियों व सैनिकों के परिजनों, पदक विजेता खिलाड़ियों, पूर्व विधानसभा अध्यक्षों व पूर्व विधायकों को विशेष सम्मान दिया गया। उत्कृष्ट विधायक के रूप में राज सिन्हा को सम्मानित किया गया। विधानसभा के छह कर्मियों – संतोष कुमार सिंह, नीलम कुजूर, मो. शाहिद हैदर, राकेश कुमार सिंह, मन्नु राम एवं रवींद्र पाल को कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से नवाजा गया।
खेल जगत में तीरंदाज गोल्डी मिश्रा व मार्शल आर्ट खिलाड़ी अमित मोदक, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त दिवाकर आनंद (डोरंडा कॉलेज) व दीक्षा कुमारी (रांची वीमेंस कॉलेज) तथा साहित्यकार मयंक मुरारी को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा सचिवालय की पत्रिका ‘उड़ान’ के नवीनतम अंक का विमोचन भी हुआ।
शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ जिसमें मशहूर गायक रूप कुमार राठौड़ ने अपनी सुरीली प्रस्तुति दी। हास्य कवि डॉ. दिनेश बावरा और कॉमेडियन रवींद्र जानी ने दर्शकों को खूब हंसाया। यह आयोजन राज्य के गौरवशाली संसदीय इतिहास का प्रतीक बना।