रामगढ़ में अवैध खनन पर लगाम लगाने की कवायद तेज, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 21 नवंबर। जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।

गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की उपस्थिति में आयोजित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाइयों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने पीपीटी के माध्यम से अब तक की कार्रवाइयों की जानकारी दी।

उपायुक्त ने सभी अवैध मुहानों को तत्काल डोजर से पूरी तरह बंद कराने और दोबारा खुलने से रोकने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सीसीएल सहित सभी कोयला परियोजनाओं के महाप्रबंधकों एवं एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर्स को अपने क्षेत्र में अवैध खनन पूरी तरह रोकने की व्यक्तिगत जिम्मेदारी सौंपी।

साथ ही सभी अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने तथा सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने भी अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

प्रशासन की इस सख्ती से जिले में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है। आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाइयां होने की संभावना है।