धनबाद में कोयला घोटाला: ईडी की बड़ी कार्रवाई, ठेकेदार एल.बी. सिंह समेत 15 ठिकानों पर छापे

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

धनबाद, 21 नवंबर 2025: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार तड़के झारखंड के कोयला नगरी धनबाद में बड़े कोयला घोटाले के मामले में जोरदार छापेमारी शुरू की। राँची व कोलकाता से आई आठ टीमों ने कुख्यात ठेकेदार लाल बाबू सिंह उर्फ एल.बी. सिंह, उनके भाई कुँभ नाथ सिंह और भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के मौजूदा व पूर्व अधिकारियों समेत कुल 15 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

सुबह छह बजे से शुरू हुई कार्रवाई में एल.बी. सिंह का भोंरा स्थित आलीशान बंगला, कतरास रोड कार्यालय, हजारीबाग व राँची स्थित उनके फार्महाउस और बीसीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों के घर शामिल हैं। आरोप है कि सिंह बंधुओं ने बीसीसीएल में सैकड़ों करोड़ रुपए के आउटसोर्सिंग ठेकों में भारी अनियमितता की, ओवरलोडिंग कर कोयला चोरी किया और अधिकारियों को मोटी रकम देकर सब कुछ दबाया।

एक साधारण रेलवे क्लर्क का बेटा होने के बावजूद एल.बी. सिंह पिछले दस साल में धनबाद के सबसे ताकतवर ठेकेदार बन गए। 2018 में सीबीआई ने उनके ठिकानों से 70 करोड़ से अधिक नकदी बरामद की थी। ईडी को शक है कि काली कमाई को संपत्ति, होटल और बेनामी कारोबार में लगाया गया।

छापेमारी में दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल और बैंक खातों की जानकारी जब्त की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक शाम तक कुछ बड़ी गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं। कोयला माफिया पर यह ईडी की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।