नीतीश कुमार लेंगे 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ: गांधी मैदान में ऐतिहासिक समारोह

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

पटना, 20 नवंबर 2025: आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नीतीश कुमार रिकॉर्ड दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सुबह 11:30 बजे शुरू होने वाले इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, चिराग पासवान, योगी आदित्यनाथ, चंद्रबाबू नायडू सहित कई केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति रहेगी।

एनडीए ने 243 सीटों में 202 सीटें जीतीं; भाजपा 114, जेडीयू 85, हम 2, लोजपा (रा) 2 और रालोमो 1 सीट पर सफल रही। नीतीश कुमार के साथ करीब 22-25 मंत्री शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल में दो उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा बने रहेंगे। भाजपा से नितिन नवीन, मंगल पांडे, रेणु देवी, संजय सरावगी; जेडीयू से विजय चौधरी, बिजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह जैसे पुराने चेहरे शामिल होंगे। नए चेहरों में कृष्ण कुमार ऋषि, जमा खान, स्नेहलता कुशवाहा आदि के नाम तय हैं।

यह चौथी बार है जब नीतीश गांधी मैदान में शपथ ले रहे हैं (2005, 2010, 2015 के बाद)। जयप्रकाश नारायण की ‘संपूर्ण क्रांति’ से जुड़े इस मैदान का विशेष राजनीतिक महत्व है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं; एसपीजी, एनएसजी के साथ बिहार पुलिस तैनात है। आम लोगों का प्रवेश वर्जित है, पीएम हेलीकॉप्टर से सीधे मैदान पहुंचेंगे।

कल नीतीश ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंपकर नई सरकार का दावा पेश किया था। जेडीयू विधायक दल ने उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना। ‘सुशासन बाबू’ की यह दसवीं पारी बिहार की राजनीति में नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।