रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 19 नवंबर। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला समाहरणालय सभागार में डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोऑर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमिटी (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में रामगढ़ विधायक ममता देवी, मांडू विधायक जयप्रकाश भोक्ता, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी सहित जिले के सभी प्रखंडों के जनप्रतिनिधि एवं वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद जायसवाल ने पूर्व बैठक के निर्देशों के अनुपालन की क्रमवार समीक्षा की तथा खेल, महिला सशक्तीकरण, विद्युत, पेंशन, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे सभी प्रमुख विभागों से विस्तृत जानकारी ली। पोटो हो खेल योजना के तहत सभी जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र के खेल मैदानों की सूची तुरंत देने और ग्रामीण युवाओं को खेल से जोड़ने का स्पष्ट निर्देश दिया। जेएसएलपीएस के सखी मंडलों को मजबूत कर अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर बल दिया।
विद्युत विभाग को नए कनेक्शन व ट्रांसफार्मर मरम्मति में तेजी लाने, सभी योग्य व्यक्तियों को पेंशन से आच्छादित करने तथा मईया सम्मान योजना की बाधाएं दूर करने को कहा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों का व्यापक सर्वे कर नए प्रस्ताव तैयार करने का आदेश दिया। स्कूलों में मध्याह्न भोजन रोस्टर दीवारों पर अंकित कराने, आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी भवनों में शिफ्ट करने, सामान्य प्रसव को बढ़ावा देने, खराब जलापूर्ति योजनाओं की मरम्मति तथा चुट्टूपालू व चरही घाटी में सड़क सुरक्षा के लिए त्वरित कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया गया। सांसद ने कहा कि रामगढ़ का चौमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है और कोई भी योजना लंबित नहीं रहेगी। बैठक में अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।