रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 18 नवंबर। रामगढ़ के उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने मंगलवार को पतरातू अंचल के दुलमी में संचालित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के लिए उपलब्ध सभी मूलभूत सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों की गहन जाँच की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने रसोईघर, भोजन कक्ष एवं खाद्य सामग्री भंडार का बारीकी से अवलोकन किया। भोजन की गुणवत्ता को और बेहतर तथा पौष्टिक बनाने के सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त ने छात्राओं से आमने-सामने बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भोजन, स्वास्थ्य, खेलकूद और सुरक्षा संबंधी अनुभव जाने। बच्चियों द्वारा बताई गई छोटी-छोटी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा और उनका सर्वांगीण विकास जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी, कक्षाओं एवं खेल मैदान का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने सभी कंप्यूटरों की कार्यशीलता जाँची तथा डिजिटल शिक्षण सामग्री की उपलब्धता पर संतोष जताया। साथ ही पुस्तकालय में नई पुस्तकें बढ़ाने और खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
अंत में उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को स्वच्छता, सुरक्षा और सभी सुविधाओं के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम एक्का, प्रखंड विकास पदाधिकारी दुलमी अमित कुमार, अंचल अधिकारी किशोरी यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।