राधा गोविंद विश्वविद्यालय में विजिलेंस जागरूकता सप्ताह के तहत भ्रष्टाचार विरोधी कार्यक्रम आयोजित

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 18 नवंबर। राधा गोविंद विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग ने संयुक्त रूप से केंद्रीय सतर्कता आयोग के विजिलेंस जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता और सामूहिक शपथ ग्रहण जैसे आयोजन हुए। छात्रों ने अपने पोस्टरों व निबंधों के माध्यम से भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों को रेखांकित करते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिकता का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “भ्रष्टाचार मुक्त भारत तभी बनेगा जब हम हर कदम पर सतर्क और ईमानदार रहेंगे। युवा ही इस देश का भविष्य हैं, उनमें नैतिक मूल्यों का संचार सबसे जरूरी है।”

विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा, “हर बच्चे की शिक्षा का अंतिम लक्ष्य राष्ट्रहित होना चाहिए। जब तक हम अपने कर्तव्यों के प्रति सचेत नहीं होंगे, तब तक विकास की कल्पना अधर में रहेगी।”

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश, माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रणव कुमार महाता, डॉ. अपराजिता, उमा कुमारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में “भ्रष्टाचार मुक्त भारत” की शपथ ली। छात्रों ने इस आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायक और जागरूकता बढ़ाने वाला बताया विश्वविद्यालय प्रशासन ने घोषणा की कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित होते रहेंगे।