नशे के कफ सिरप का अवैध कारोबार: रांची के शैली ट्रेडर्स पर केस, वाराणसी में 100 करोड़ का भंडाफोड़

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

वाराणसी/रांची, 16 नवंबर 2025: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कोडीन युक्त फेंसेडिल कफ सिरप के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि झारखंड की राजधानी रांची स्थित मेसर्स शैली ट्रेडर्स ने 2023 से 2025 के बीच लगभग 100 करोड़ रुपये की इस नशीली सिरप की सप्लाई की। इसमें यूपी के 93 थोक दवा विक्रेताओं को अवैध रूप से माल भेजा गया, जिनमें वाराणसी के 26 डिस्ट्रीब्यूटर शामिल हैं। केवल वाराणसी में ही 50 करोड़ रुपये की सप्लाई का पता चला है।

कंपनी के मालिक भोला प्रसाद और उनके पुत्र शुभम जायसवाल ने एबॉट हेल्थकेयर से 89 लाख रुपये की सिरप खरीदी और फर्जी बिल-इनवॉइस के जरिए इसे अवैध नेटवर्क तक पहुंचाया। यह सिरप नशे के रूप में युवाओं में लोकप्रिय है और बांग्लादेश सीमा तक तस्करी होती है।

मध्य प्रदेश व राजस्थान में बच्चों की मौत के बाद यूपी औषधि विभाग ने सख्ती की। स्टॉक जांच में रिकॉर्ड गायब मिले, जिससे यह सिंडिकेट उजागर हुआ। रांची में शैली ट्रेडर्स के तुपुदाना गोदाम पर केस दर्ज कर लिया गया। पिछले साल धनबाद में इसी फर्म की 24,560 बोतलें जब्त हुई थीं।

सोनभद्र पुलिस ने हाल ही में रांची से चावल की बोरी में छिपाकर लाई जा रही करोड़ों की खेप पकड़ी। गाजियाबाद व सहारनपुर में भी जुड़े गिरोह धराए। केंद्र सरकार कोडीन सिरप पर पूर्ण प्रतिबंध की दिशा में काम कर रही है। विशेषज्ञ चेताते हैं कि फर्जी लाइसेंस से यह रैकेट फल-फूल रहा है, जो युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है।