लालू परिवार में भूचाल: रोहिणी के बाद तीन बहनों ने घर छोड़ा

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

पटना, 16 नवंबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राजद की करारी हार ने लालू प्रसाद यादव के परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। रोहिणी आचार्य के घर छोड़ने के ठीक एक दिन बाद उनकी तीन बहनें रागिनी यादव, राजलक्ष्मी यादव और चंदा यादव ने बच्चों सहित पटना के राबड़ी देवी आवास (10 सर्कुलर रोड) को खाली कर दिल्ली रवाना हो गईं।

शनिवार को रोहिणी ने X पर पोस्ट कर राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने की घोषणा की। उन्होंने भाई तेजस्वी यादव के सलाहकार संजय यादव व रमीज पर हार की जिम्मेदारी न लेने और “चप्पल से मारने” की धमकी देने का आरोप लगाया। रोहिणी ने लिखा, “मेरा अब कोई परिवार नहीं।” लालू को किडनी दान करने वाली रोहिणी का रोते हुए दिल्ली जाना परिवार के लिए भावुक झटका बना।

रविवार दोपहर तीनों बहनें भी दिल्ली पहुंचीं। अब चारों बेटियां पटना से दूर हैं। सूत्रों के मुताबिक, 15 नवंबर को तेजस्वी-रोहिणी के बीच हार पर तीखी बहस हुई, जिसमें चप्पल उठने जैसी नौबत आई। राबड़ी ने रोका, पर रोहिणी चली गईं। संजय यादव पर पुरानी रंजिश पहले तेज प्रताप ने भी उठाई थी।

यह कलह राजद के लिए खतरे की घंटी है। तेजस्वी पार्टी चेहरा हैं, लेकिन भाई-बहनों के आरोप उन्हें कमजोर कर रहे हैं। विपक्ष इसे आंतरिक फूट बता रहा है। लालू-तेजस्वी मौन हैं। राजद सूत्र कहते हैं, “एकता बनी रहेगी।” पर क्या यह हार का स्थायी असर है?