रांची: धुर्वा डैम में डूबी कार से तीन पुलिसकर्मियों के शव बरामद, चौथा लापता

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 15 नवंबर 2025: नगड़ी थाना क्षेत्र के धुर्वा डैम में शनिवार सुबह दिल दहलाने वाली घटना घटी। डैम में डूबी सरकारी कार से तीन शव बरामद हुए, जिनमें जमशेदपुर के प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज (पीडीजे) के दो बॉडीगार्ड- उपेंद्र कुमार सिंह और रॉबिन कुजूर- तथा एक चालक शामिल हैं। चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घटनास्थल से दो सर्विस रिवॉल्वर और दुर्घटनाग्रस्त कार बरामद की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शुक्रवार देर रात कार अनियंत्रित होकर डैम में जा गिरी। कार में चार लोग सवार थे, लेकिन केवल तीन शव ही मिले। चौथे व्यक्ति की तलाश में स्थानीय गोताखोर जुटे हैं। नगड़ी पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव निकाले और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा।

पुलिस का मुख्य सवाल है- जज के बॉडीगार्ड और चालक इतनी रात को धुर्वा डैम पर क्या कर रहे थे? कार का टेक्निकल एनालिसिस और जज से पूछताछ हो सकती है। हादसा, आत्महत्या या साजिश- हर कोण से जांच चल रही है।

धुर्वा डैम पिछले सालों में ‘सुसाइड पॉइंट’ बन चुका है। 2025 में ही जनवरी में दो युवतियों, फरवरी में एक लापता व्यक्ति और मई में दो युवकों के शव यहां मिले थे। सुरक्षा के दावों के बावजूद यह हादसा चिंता बढ़ाता है।