घाटशिला उपचुनाव: JMM के सोमेश सोरेन ने 38,524 वोटों से दर्ज की ऐतिहासिक जीत

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

पूर्वी सिंहभूम, 14 नवंबर। झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शानदार जीत हासिल की। झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी  के बाबूलाल सोरेन को 38,524 वोटों के बड़े अंतर से हराया।

चुनाव आयोग के अंतिम परिणाम के अनुसार, सोमेश को 1,04,794 वोट मिले, जबकि बाबूलाल को 66,270 वोट। तीसरे स्थान पर झारखंड लोकल क्रांति मोर्चा  के रामदास मुर्मू रहे, जिन्हें 11,542 वोट प्राप्त हुए।

यह सीट स्वर्गीय रामदास सोरेन के निधन के बाद खाली हुई थी, जो राज्य के शिक्षा मंत्री थे। उनके पुत्र सोमेश ने पिता की विरासत को बरकरार रखते हुए यह सीट झामुमो के पास सुरक्षित की। 11 नवंबर को हुए मतदान में 74.63% मतदाता भागीदारी दर्ज की गई।

झामुमो ने इसे जनता का सरकार पर विश्वास बताया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “यह स्व. रामदास दा को सच्ची श्रद्धांजलि है।” पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमशेदपुर और घाटशिला में जश्न मनाया, मिठाई बांटी गई।

वहीं, भाजपा के लिए यह हार झारखंड में उनकी स्थिति पर सवाल उठाती है। बाबूलाल, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में असंतोष दिखा, एक नेता ने केंद्रीय नेतृत्व से बदलाव की मांग की।

यह जीत झामुमो-महागठबंधन की विधानसभा में बहुमत को और मजबूत करती है।