दिल्ली लाल किला बम धमाका: 13 मरे, NIA जांच में जुटी, अमित शाह बोले- दोषी नहीं बचेंगे

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

नई दिल्ली, 12 नवंबर 2025: दिल्ली के लाल किले मेट्रो स्टेशन के निकट 10 नवंबर की शाम 6:52 बजे एक ह्यूंडई i20 कार में हुए भीषण विस्फोट ने राजधानी को हिला दिया। इस हाई-इंटेंसिटी धमाके में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक घायल हैं। कार के तीन यात्री भी मारे गए, जिनकी पहचान अभी नहीं हो सकी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कार जलकर राख हो गई और आसपास की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

गृह मंत्रालय ने तुरंत मामला NIA को सौंप दिया। दिल्ली पुलिस ने UAPA, एक्सप्लोसिव्स एक्ट व भारतीय न्याय संहिता के तहत FIR दर्ज की। NIA ने चार संदिग्धों आमिर, उमर, तारिक (पुलवामा) और मोहम्मद सलमान को हिरासत में लिया है। CCTV में एक मास्कधारी व्यक्ति संदिग्ध दिखा। जांच में पता चला कि आरोपी दिवाली पर भीड़भाड़ वाली जगह को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे।

गृह मंत्री अमित शाह ने 11 नवंबर को हाई-लेवल मीटिंग की अध्यक्षता की, जिसमें IB, NIA, दिल्ली पुलिस और J&K DGP शामिल हुए। शाह ने कहा, “हर गुनहगार को पकड़ा जाएगा। दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।” पीएम मोदी ने भूटान से कहा, “साजिशकर्ता बख्शे नहीं जाएंगे।”

दिल्ली में हाई अलर्ट जारी है। रेड फोर्ट मेट्रो स्टेशन बंद है, रेलवे व प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई। फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। NIA आतंकी लिंक, कार की खरीद-बिक्री और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहन जांच कर रही है।