जमशेदपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई शुरू, पहले बैच का स्वागत समारोह आयोजित

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

जमशेदपुर, 10 नवंबर 2025: आदित्यपुर में स्थित नेताजी सुभाष सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पीटल और मेडिकल कॉलेज में MBBS कोर्स की शुरुआत हो गई है। पहले सत्र में नामांकन लेने वाले छात्रों के लिए एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।

650 बेड क्षमता वाले इस अत्याधुनिक अस्पताल में सुपरस्पेशियलिटी इलाज की सुविधा उपलब्ध है और इलाज का खर्च अन्य निजी अस्पतालों की तुलना में काफी कम रखा गया है।

समारोह में नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर विभा सिंह, डायरेक्टर डॉ. एनके सिंह और नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

छात्रों को संबोधित करते हुए मदन मोहन सिंह ने कहा,- “हम छात्रों को विश्वस्तरीय शिक्षा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। अगले 6 साल आपके जीवन का नहीं, बल्कि लाखों मरीजों के जीवन को बेहतर बनाने का माध्यम बनेंगे।”

उन्होंने बताया कि पटना (बिहटा) में पहले से संचालित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज के बाद आदित्यपुर में यह दूसरा कैंपस है। अगले सत्र से PG कोर्स भी शुरू किए जाएंगे।

यह पहल झारखंड में मेडिकल शिक्षा और किफायती स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।