रामगढ़, 9 नवंबर : नीति आयोग की उच्चस्तरीय टीम ने शनिवार को झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड स्थित कोतो पंचायत के बिरहोर टोला का दौरा किया। टीम का नेतृत्व अतिरिक्त निदेशक श्री आनंद शेखर ने किया। इस दौरान ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी, आकांक्षी जिला/प्रखंड फेलो और जिला योजना पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बिरहोर समुदाय के पारंपरिक स्वागत के साथ हुई। आनंद शेखर ने आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम के तहत चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और क्षेत्र में प्रस्तावित योजनाओं पर चर्चा की।
उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने कहा, “जिला प्रशासन पतरातू प्रखंड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रखंड और जिला स्तर पर समन्वय से कई महत्वाकांक्षी योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं।”
प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने योजनावार लक्ष्य, प्राप्ति और प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
टीम ने बिरहोर समुदाय के लोगों से सीधा संवाद किया और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। बिरसा आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण किया गया और टीम ने स्वयं श्रमदान भी किया। इसके अलावा जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी भाग लिया गया।
कार्यक्रम का समापन जिला योजना पदाधिकारी श्री संतोष भगत के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।