रामगढ़, 04 नवम्बर 2025: जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज ने अधिकारियों को लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। यह समीक्षा बैठक मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती इन्दु प्रभा खलखो ने विभागीय योजनाओं की स्थिति पर प्रस्तुति दी। उपायुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण ट्रैकर के सभी सूचकांकों पर सुधार करते हुए एक सप्ताह के भीतर पूर्ण उपलब्धि दर्ज की जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के ट्रांसजेंडर समुदाय के सभी सदस्यों, जिन्हें पहले ही पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं, को शीघ्र सामाजिक सुरक्षा पेंशन और आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभान्वित किया जाए।
नीति आयोग परियोजना पतरातु से संबंधित सभी संकेतकों में प्रगति लाने पर जोर देते हुए उपायुक्त ने सीडीपीओ और महिला पर्यवेक्षिकाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के लंबित मामलों का दो दिनों में निपटारा करने तथा FRS पोर्टल पर सभी उपलब्धियाँ पूर्ण करने को कहा।
जिन परियोजनाओं में प्रगति कम है- विशेष रूप से पतरातु, माण्डू और रामगढ़- वहां लाभुकों की सूची दो दिनों में अद्यतन करने और कठिनाई वाले केंद्रों की रिपोर्ट जिला कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया गया।
प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के अंतर्गत नए लाभुकों के पंजीकरण, सुपरवाइजर वेरिफिकेशन और शिकायत निवारण कार्यों को भी दो दिनों के भीतर पूरा करने का आदेश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि सेविका-सहायिका के सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए तथा सभी को आयुष्मान भारत कार्ड योजना के तहत कवर किया जाए। उन्होंने मिशन शक्ति के तहत पालना गृह सह क्रेच संचालन हेतु भवन चयन में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि पोषण वाटिका निर्माण को मनरेगा से अभिसरण कर पूर्ण किया जाए, साथ ही पेयजल, शौचालय एवं बिजली जैसी आधारभूत सुविधाओं की स्थिति पर भौतिक प्रतिवेदन दो दिनों में प्रस्तुत किया जाए।
आंगनबाड़ी Co-Location रिपोर्ट को 6 नवंबर तक निर्धारित प्रपत्र में भेजने और Google Sheet के माध्यम से दैनिक कार्य योजना साझा करने का भी निर्देश सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) एवं महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित रहीं।