झारखंड में फिर गांव-गांव पहुंचेगी सरकार, ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ का पांचवां चरण 18 नवंबर से

Spread the News

रांची ब्यूरो, 04 नवंबर 2025: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ के पांचवें चरण की घोषणा की। यह अभियान 18 नवंबर से 15 दिसंबर तक राज्य के 4,621 पंचायतों में चलाया जाएगा। प्रत्येक पंचायत में शिविर लगाकर सरकार जनता तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार डिजिटल सैचुरेशन डैशबोर्ड से हर गांव की योजनाओं की स्थिति रियल टाइम में मॉनिटर की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।

कैंप में कुल 18 योजनाओं का लाभ मौके पर मिलेगा। प्रमुख योजनाओं में- मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (21 से 50 वर्ष की महिलाओं को ₹1,000 प्रतिमाह), अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (₹15 लाख तक मुफ्त इलाज), अबुआ आवास योजना (तीन कमरे का पक्का मकान), हरा राशन कार्ड (₹1 प्रति किलो चावल), किसान क्रेडिट कार्ड (₹3 लाख तक ऋण), सर्वजन पेंशन योजना (₹1,000 प्रतिमाह), किशोरी समृद्धि योजना (छात्राओं को ₹40,000) और गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना (₹15 लाख तक शिक्षा ऋण) शामिल हैं। साथ ही जाति, आय, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र अब 30 मिनट में तैयार होंगे।

पिछले चार चरणों में 4.12 करोड़ आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3.98 करोड़ का निपटारा किया गया – 96% सफलता दर के साथ। अब तक ₹8,400 करोड़ की राशि सीधे लाभुकों के खातों में भेजी जा चुकी है।

आवेदक आधार कार्ड, बैंक पासबुक, दो फोटो और पुराना राशन कार्ड साथ लाएं। पंजीकरण के लिए पोर्टल sarkaraapkedwar.jharkhand.gov.in पर जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा- “इस बार हम द्वार ही नहीं, दिल तक पहुंचेंगे।”