रामगढ़ में डीसीसी-डीएलआरसी बैठक: उपायुक्त ने बैंकों को दिए लक्ष्य प्राप्ति के सख्त निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 1 नवंबर: उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में शनिवार को जिला समाहरणालय सभागार में जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति  की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की बैंकिंग प्रगति की गहन समीक्षा की गई तथा किसानों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों एवं सूक्ष्म उद्यमियों को अधिकतम ऋण सुविधा सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

अग्रणी जिला प्रबंधक दिलीप महली ने वार्षिक साख योजना के तहत विभिन्न बैंकों की उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उपायुक्त ने बैंकवार लक्ष्यों की प्राप्ति में कमी पर कड़ा असंतोष जताते हुए सभी बैंक प्रबंधकों को निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के सख्त निर्देश दिए।

किसान क्रेडिट कार्ड पर विशेष जोर

उपायुक्त ने केसीसी योजना की समीक्षा करते हुए कृषि के साथ-साथ पशुपालन एवं मत्स्य पालन से जुड़े सभी पात्र लाभार्थियों को शीघ्र केसीसी जारी करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा, “मत्स्य पालकों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें भी इस योजना से आच्छादित किया जाए।”

पीएमएफएमई एवं मुद्रा लोन में तेजी

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना  के तहत माइक्रो फूड प्रोसेसिंग इकाइयों के लिए पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें तत्काल ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, मुद्रा लोन योजना के तहत अधिक से अधिक स्वरोजगारियों को जोड़ने पर जोर दिया गया।

एमएसएमई एवं प्राथमिकता क्षेत्र

प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र के अंतर्गत विकास कार्यों हेतु ऋण वितरण में सुधार लाने के लिए बैंक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, हजारीबाग सांसद प्रतिनिधि श्री राजीव जायसवाल, एलडीओ आरबीआई, डीडीएम नाबार्ड, डीपीएम जेएसएलपीएस, परियोजना उपनिदेशक आत्मा तथा विभिन्न बैंकों के प्रबंधक एवं जिला समन्वयक उपस्थित रहे।उपायुक्त ने सभी से समन्वय बनाकर योजनाओं को धरातल पर उतारने का आह्वान किया।