घाटशिला, 01 नवंबर: झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव से पहले सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को सैकड़ों JMM कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। इस कार्यक्रम में BJP के उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन, बरकट्ठा विधायक अमित यादव, देवघर के पूर्व विधायक नारायण दास और जिला परिषद सदस्य करण सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
BJP प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, कर्मवीर सिंह और आदित्य प्रसाद जैसे दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने इस आयोजन को और भव्य बना दिया। बाबूलाल सोरेन ने कहा, “यह जनता का विश्वास है। JMM की नीतियों से निराश लोग अब BJP के साथ हैं।” नव शामिल कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और आदिवासी हितों की उपेक्षा का आरोप लगाया।
घाटशिला सीट पर 11 नवंबर को उपचुनाव होना है, जो दिवंगत JMM विधायक रामदास सोरेन के निधन से रिक्त हुई। JMM ने उनके पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन को मैदान में उतारा है, जबकि BJP ने चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन पर दांव लगाया है। दोनों युवा उम्मीदवारों के बीच ‘सोरेन बनाम सोरेन’ की लड़ाई चर्चा में है।
हालांकि, एक दिन पहले ही BJP को भी झटका लगा था, जब 5 वरिष्ठ नेता JMM में शामिल हो गए थे। इसके बावजूद BJP इस बड़े स्वागत समारोह से उत्साहित है और इसे उपचुनाव में जीत की दिशा में मजबूत कदम बता रही है।