लोहरदगा तिहरा हत्याकांड: डायन के नाम पर 9 साल के बच्चे समेत तीन की कुदाल से हत्या, हाईकोर्ट सख्त

Spread the News

रांची, 24 अक्टूबर: झारखंड के लोहरदगा जिले के पेशरार प्रखंड के केकरांग बरटोली गांव में 9 अक्टूबर की देर रात डायन प्रथा के नाम पर एक परिवार के तीन लोगों की नृशंस हत्या ने मानवता को शर्मसार कर दिया। मृतकों में 50 वर्षीय लक्ष्मण नगेसिया, उनकी पत्नी 45 वर्षीया बिफनी नगेसिया और 9 वर्षीय पुत्र रामविलास शामिल हैं। हमलावरों ने कुदाल से ताबड़तोड़ वार कर तीनों को मौत के घाट उतार दिया।

पड़ोसी परिवार लंबे समय से बिफनी पर डायन होने का आरोप लगाते थे। गांव में किसी के बीमार पड़ने पर उन्हें जादू-टोना करने का दोषी ठहराया जाता था। घटना के समय लक्ष्मण, बिफनी और रामविलास एक कमरे में सो रहे थे, जबकि बहू सुखमनिया दूसरे कमरे में थीं। सुखमनिया के बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की, लेकिन आरोपी फरार हैं।

हिन्दुस्तान में प्रकाशित खबर पर झारखंड हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया। चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने सरकार से पिछले दो वर्षों में डायन प्रथा निवारण अधिनियम, 1999 के तहत दर्ज मामलों और जांच स्थिति का ब्योरा मांगा। कोर्ट ने 2015 व 2012 की जनहित याचिकाओं से जोड़ते हुए 14 नवंबर को सुनवाई तय की।