राँची, 17 अक्टूबर 2025: बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, स्वच्छ और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए झारखण्ड के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के. रवि कुमार ने शुक्रवार को राँची के निर्वाचन भवन में राज्य की सभी प्रवर्तन इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। उन्होंने झारखण्ड और बिहार की प्रवर्तन एजेंसियों से आपसी तालमेल मजबूत कर कड़ाई से काम करने का आह्वान किया।
के. रवि कुमार ने बताया कि झारखण्ड के दस जिले बिहार की सीमा से लगे हैं। बिहार में लागू आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर दोनों राज्यों की सीमाओं पर ‘मिरर चेकपोस्ट’ बनाए गए हैं। इन नाकों को पूरी तरह सक्रिय रखने का आदेश देते हुए उन्होंने अवैध नकदी, मादक पदार्थों, शराब और अन्य लालच देने वाली सामग्रियों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सतर्कता बरतने को कहा।
उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान तेज करने और अवैध शराब कारखानों को ध्वस्त करने के लिए सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर बल दिया। साथ ही, जब्त सामग्रियों के स्रोतों का पता लगाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस नोडल अधिकारी माइकल राज, वाणिज्य कर आयुक्त अमित कुमार, उत्पाद आयुक्त लोकेश कुमार मिश्रा, आईजी धनंजय कुमार, आईजी अश्विनी कुमार, नारकोटिक्स, कर, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संयुक्त निर्वाचन आयुक्त सुबोध कुमार, देव दास दत्ता सहित अन्य मौजूद थे। यह पहल बिहार चुनाव की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में झारखण्ड के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।