रामगढ़, 15 अक्टूबर 2025: राधा गोविंद विश्वविद्यालय, रामगढ़ में आज “वन डे वर्कशॉप ऑन डेटा माइनिंग टेक्नोलॉजी” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग एवं फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई।
इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी युग में डेटा माइनिंग के महत्व, उपयोगिता और व्यावहारिक पक्षों से परिचित कराना था।
कार्यशाला में एमिटी यूनिवर्सिटी, रांची के ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ पुरुषोत्तम कुमार मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित थे। उन्होंने अपने व्याख्यान में छात्रों को डेटा माइनिंग की बारीकियों, उसके अनुप्रयोगों तथा इंडस्ट्री में इसकी बढ़ती आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि “आज के डिजिटल युग में डेटा माइनिंग केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि निर्णय-निर्माण और नवाचार का आधार बन चुकी है।”
श्री कुमार ने विद्यार्थियों को मशीन लर्निंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बिग डेटा जैसे क्षेत्रों में करियर निर्माण हेतु प्रेरित किया और उन्हें सतत सीखते रहने की सलाह दी।
कार्यशाला के आयोजक एवं कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों को वास्तविक दुनिया की तकनीकी चुनौतियों से परिचित कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएँ और डेटा विश्लेषण की आधुनिक तकनीकों को व्यवहार में लाएँ।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने अपने संबोधन में कहा कि डेटा माइनिंग जैसे उभरते क्षेत्रों पर आयोजित कार्यशालाएँ छात्रों में नवाचार और अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने आयोजकों और मुख्य वक्ता के प्रति आभार व्यक्त किया तथा छात्रों को नई तकनीकों के प्रति जिज्ञासु बने रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर डॉ. विश्व दीपक कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर (फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी), ने कार्यशाला के संचालन एवं प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सुनिश्चित किया कि प्रतिभागी छात्र व्यावहारिक सत्रों और इंटरैक्टिव चर्चाओं से अधिकतम ज्ञान प्राप्त करें।
कार्यशाला में विभाग के अनेक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने वक्ता से प्रश्न पूछे और डेटा एनालिटिक्स से जुड़ी नई संभावनाओं पर चर्चा की। सभी प्रतिभागियों को अंत में ई-सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में व्याख्याता बिपुल कुमार तथा वैष्णवी का विशेष योगदान रहा। उनके सहयोग और समर्पण से यह कार्यक्रम अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अंत में, डॉ. संजय कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्रों के प्रति आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।