रामगढ़, 11 अक्टूबर 2025 राधा गोविन्द विश्वविद्यालय, रामगढ़ के प्रशासनिक भवन सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रामगढ़ नगर द्वारा “विकसित भारत : युवाओं की भूमिका” विषय पर एक बौद्धिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शत्रुध्न प्रसाद (जिला संचालक, रामगढ़), प्रो. (डॉ.) शशांक कुलकर्णी (कृषि वैज्ञानिक, लेखक एवं प्राध्यापक, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय, रांची), सत्यम जी (जिला प्रचारक, रामगढ़), राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह, सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार एवं प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शत्रुध्न प्रसाद ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “युवा राष्ट्र का निर्माता है। देश का भविष्य युवाओं के सर्वांगीण विकास में निहित है।”
मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) शशांक कुलकर्णी ने कहा कि “किसी भी राष्ट्र की सफलता उसकी युवा पीढ़ी की ऊर्जा और उनकी उपलब्धियों पर निर्भर करती है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सदैव इस दिशा में समाज को संगठित करने का कार्य करता रहा है।”
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने सभी आगंतुक अतिथियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे सत्यम जी ने कहा कि “संघ का एकमात्र उद्देश्य विराट हिन्दू समाज का संगठन करना और समाज को स्थिर व स्वावलंबी बनाना है।”
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।