रामगढ़, 07 अक्टूबर 2025: झारखंड विधानसभा की माननीय याचिका समिति ने सोमवार को रामगढ़ जिले का दौरा कर स्थानीय विकास और जन शिकायतों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। समिति के सदस्यों ने जिला अधिकारियों के साथ परिसदन सभागार में विस्तृत बैठक आयोजित की, जिसमें विधानसभा से प्राप्त विभिन्न याचिकाओं की समीक्षा की गई। सदस्यों ने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश दिए, ताकि जनता को शीघ्र राहत मिल सके।
बैठक की अध्यक्षता समिति के सदस्य निर्मल महतो, ममता देवी एवं नागेंद्र महतो ने की। उन्होंने राजस्व, पथ निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग , वन विभाग सहित कई विभागों से जुड़ी याचिकाओं पर पदाधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी ली। सदस्यों ने स्पष्ट किया कि सभी मामले यथाशीघ्र निष्पादित हों, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग, नगर परिषद, वाणिज्य कर, भवन निर्माण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, कल्याण, भूमि संरक्षण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, खनन, राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार, भूअर्जन, पर्यटन-खेलकूद एवं युवा कार्य, आपूर्ति तथा कृषि-पशुपालन एवं सहकारिता विभागों की योजनाओं की प्रगति पर गहन चर्चा हुई। प्रत्येक विभाग के अधिकारियों से कार्यों की उपलब्धियां, चुनौतियां और भविष्य की रणनीतियों पर सवाल किए गए। सदस्यों ने बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता अभियान की गति बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आशिष अग्रवाल, अपर समाहर्ता गीतांजली कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो, जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह, जिला कल्याण पदाधिकारी सिद्धार्थ शंकर चौधरी, जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह दौरा रामगढ़ जिले के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। जिला प्रशासन ने समिति के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आश्वासन दिया है। विधानसभा की यह सक्रियता राज्य स्तर पर शासन की पारदर्शिता को मजबूत करेगी।