रामगढ़, 7 अक्टूबर: वार्ड नंबर 8 कुम्हार टोला स्थित किराए के मकान में रह रही कलावती देवी के पुत्र राहुल कुमार, जो लंबे समय से बीमार चल रहे हैं, उनके बेहतर इलाज के लिए समाजसेवियों की ओर से आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। कुल ₹4000 की राशि युवा समाजसेवी दिव्या कुमारी के हाथों परिजनों को सौंपी गई।
ज्ञान महिला समिति के संस्थापक विनोद जायसवाल ने बताया कि दिव्या कुमारी को जानकारी प्राप्त हुई थी कि कलावती देवी का परिवार आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहा है और राहुल कुमार के इलाज हेतु सहायता की आवश्यकता है। इस पर पहल करते हुए कई समाजसेवियों ने सहयोग किया।
इस अवसर पर रामगढ़ जिले के समाजसेवी एवं पैंथर प्रभारी तिलक बहादुर, भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष अमित साहू, हजारीबाग के समाजसेवी आशीष जायसवाल तथा भारत विकास परिषद के सचिव मनमोहन सिंह लांबा ने मिलकर ₹4000 का योगदान दिया।
सहयोग राशि प्राप्त कर युवा समाजसेवी दिव्या कुमारी ने कहा- “रामगढ़ जिले के समाजसेवियों ने जिस विश्वास के साथ यह मदद दी है, उसी भाव से यह सहयोग राशि राहुल कुमार के परिवार को सौंपी जाएगी।”
उन्होंने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया। इस मौके पर स्थानीय महिलाएँ सरिता देवी, मंजू देवी, सीमा सिंह, मीना देवी और शनिचरी देवी भी उपस्थित रहीं। सभी ने समिति की इस पहल की सराहना की और समाजसेवियों का धन्यवाद किया।