झारखंड में सियासी तूफान: JMM विधायक दशरथ गागराई पर फर्जीवाड़े का आरोप, जांच के आदेश

Spread the News

रांची, 2 अक्टूबर 2025: झारखंड की राजनीति में हलचल मच गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के विधायक दशरथ गागराई पर फर्जी पहचान पत्र और शपथ पत्र में गलत जानकारी देने का गंभीर आरोप लगा है। चुनाव आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी को तत्काल जांच का आदेश दिया है।

शिकायतकर्ता पूर्व सैनिक लालजी राम तिउ ने दावा किया कि खरसावां से तीन बार विधायक चुने गए गागराई वास्तव में उनके बड़े भाई रामकृष्णा गागराई हैं, जो फर्जी दस्तावेजों से चुनाव लड़ रहे हैं। तिउ ने 28 जुलाई को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर और 18 सितंबर को हलफनामा देकर शैक्षणिक प्रमाण पत्रों सहित अन्य दस्तावेजों को फर्जी बताया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने 28 सितंबर को जांच का जिम्मा जिला प्रशासन को सौंपा।

गागराई ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे ‘राजनीतिक साजिश’ बताया और कहा, “मेरे दस्तावेज हर चुनाव में जांचे गए हैं। शिकायतकर्ता खुद दुष्कर्म के मामले में जमानत पर हैं।” JMM ने भी इसे विपक्ष की चाल माना है।

विपक्षी दल इस मामले को भुनाने में जुटे हैं। जांच में दोषी पाए जाने पर गागराई की विधायकी खतरे में पड़ सकती है। झारखंड में चुनाव से पहले यह विवाद सियासी माहौल को और गर्माएगा।