रामगढ़ में अवैध खनन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, हाईवा जब्त, प्राथमिकी दर्ज

Spread the News

रामगढ़, 17 सितंबर 2025: रामगढ़ जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए गंगा धर्म काँटा के पास राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर बोंगाबार के निकट एक हाईवा (नंबर JH 10BB 4003) को जाँच के लिए रोका। जाँच में हाईवा में 728 क्यूबिक फीट क्वार्टजाईट खनिज लदा पाया गया, जिसके लिए कोई वैध परिवहन चालान मौजूद नहीं था।

मापी के बाद खनिज की मात्रा की पुष्टि होने पर यह स्पष्ट हुआ कि हाईवा मालिक, अज्ञात चालक और अन्य संलिप्त व्यक्तियों ने मिलीभगत कर अवैध रूप से खनिज परिवहन किया। हाईवा को खनिज सहित जब्त कर कुज्जु थाना को सौंप दिया गया।

हाईवा मालिक, चालक और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ सरकारी संपत्ति की चोरी, खनन राजस्व को नुकसान, खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 4 और 21, झारखण्ड लघु खनिज समनुदान नियमावली 2004 के नियम 54, और झारखण्ड खनिज (अवैध खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम) नियम 2017 के नियम 9 और 13 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उपायुक्त ने अवैध खनन और परिवहन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए अधिकारियों को सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।