टीम इंडिया ने हीरो एशिया कप 2025 जीता, हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी बधाई

Spread the News

राजगीर, बिहार: भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हीरो एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में भारत ने कोरिया को 4-1 से हराकर यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीती और हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई किया। यह भारत की एशिया कप में चौथी जीत है, जो आठ साल बाद आई है।

बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने भारतीय टीम को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा, “टीम इंडिया ने कोरिया को हराकर न केवल एशिया कप का खिताब जीता, बल्कि एशिया में भारत की सर्वोच्चता को पुनः स्थापित किया। यह हमारे लिए गर्व और हर्ष का क्षण है।”

मुख्यमंत्री ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए उन्हें विशेष शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बिहार की जनता की अतुलनीय मेहमाननवाज़ी की भी सराहना की, जिन्होंने सभी टीमों का उत्साह बढ़ाया और अपने आतिथ्य से सबका दिल जीता।

मुख्यमंत्री ने कोरिया की टीम को शानदार मुकाबले के लिए बधाई दी और टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों का आभार व्यक्त किया। यह जीत भारतीय हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, जिसने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।