राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जुलाई को करेंगी झारखंड का दौरा, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

Spread the News

रांची, 27 जुलाई 2025: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जुलाई को झारखंड के दौरे पर होंगी। अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान वे देवघर पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद देर शाम वे राजधानी रांची पहुंचेंगी, जहां राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन, 1 अगस्त को राष्ट्रपति पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होंगी और वहां से लौटकर धनबाद जाएंगी।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रांची एयरपोर्ट से राजभवन तक की सड़कों को दुरुस्त करने, रंग-रोगन और सफाई कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत रिहर्सल कराने के आदेश भी दिए गए।

जिला प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रपति के स्वागत और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है ताकि दौरे के दौरान किसी भी तरह की चूक न हो।

राष्ट्रपति का यह दौरा झारखंड के लिए विशेष महत्व रखता है, और प्रशासन इसे सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।