रामगढ़: गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले की आधारभूत संरचनाओं, वन अधिकार अधिनियम (एफआरए), भूमि अधिग्रहण, और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में भारतमाला परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग 33, रेलवे, और अन्य सड़क निर्माण योजनाओं के तहत मुआवजा वितरण की स्थिति पर गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए और अंचल अधिकारियों को ग्राम सभाओं का आयोजन कर मुआवजा प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया।
उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग, जुडको, पीवीयूएनएल, और अन्य परियोजनाओं के अधिकारियों से कार्य प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने एफआरए, एनओसी, और भू-अर्जन से जुड़े लंबित मामलों को त्वरित गति से निपटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही, अंचलवार परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने सभी परियोजना अधिकारियों को कार्य के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं को जिला प्रशासन के साथ नियमित रूप से साझा करने की हिदायत दी, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पद पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय अधिकारी, और अंचल अधिकारी उपस्थित थे।