वरिष्ठ कांग्रेस नेता ददई दुबे को दी गई अंतिम श्रद्धांजलि

Spread the News

पलामू, 12 जुलाई 2025: पलामू जिला कांग्रेस कार्यालय में आज वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे, जिन्हें ददई दुबे के नाम से जाना जाता था, को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शनिवार को उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए कार्यालय लाया गया, जहां सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी।

इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी, पलामू के अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बिट्टू पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने ददई दुबे के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव चौका ले जाया गया, जहां से अंतिम संस्कार के लिए बनारस ले जाया गया। ददई दुबे के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है, और उनके समर्थक उनके सादगी भरे जीवन और जनसेवा को याद कर रहे हैं।