रांची, 8 जुलाई 2025: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 10 जुलाई को रांची में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीवीआईपी लोग शामिल होंगे। बैठक रांची के होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित होगी, जहां क्षेत्रीय समस्याओं और केंद्र-राज्य समन्वय पर चर्चा होगी।
झारखंड से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरुवा, मुख्य सचिव अलका तिवारी, गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल और डीजीपी अनुराग गुप्ता हिस्सा लेंगे। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा और मंत्री मुकेश महालिंग, जबकि बिहार से मंत्री विजय चौधरी और सम्राट चौधरी मौजूद रहेंगे।
बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, नदियों और बांधों के जल बंटवारे, नक्सल नियंत्रण और पेंशन देनदारी जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। झारखंड सरकार केंद्र के समक्ष कई अहम मांगें रखेगी, जिनमें केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती के लिए भुगतान व्यवस्था समाप्त करने और जनसंख्या के आधार पर बिहार के साथ पेंशन देनदारी तय करने की मांग शामिल हो सकती है।
बैठक के लिए रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं। यह बैठक क्षेत्रीय विकास और समन्वय के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।