रांची: झारखंड के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की सेहत स्थिर बनी हुई है। उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी देखरेख कर रहे हैं।
81 वर्षीय शिबू सोरेन, जिन्हें उनके अनुयायी ‘गुरुजी’ के नाम से पुकारते हैं, किडनी समेत कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। तबीयत खराब होने के बाद उन्हें रांची से हवाई मार्ग के जरिए दिल्ली ले जाया गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन और बसंत सोरेन दिल्ली में मौजूद हैं और शिबू सोरेन के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखे हुए हैं। मंगलवार को बिहार के सांसद पप्पू यादव ने हेमंत सोरेन से मुलाकात कर गुरुजी की सेहत के बारे में जानकारी हासिल की।
झारखंड में प्रार्थनाओं का दौर
शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर पूरे झारखंड में चिंता का माहौल है। दुमका, रांची, बोकारो और गिरिडीह जैसे क्षेत्रों में उनके समर्थकों और आम लोगों ने विशेष पूजा-अर्चना की। सोशल मीडिया पर भी लोग, नेता और कार्यकर्ता उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
शिबू सोरेन को झारखंड आंदोलन का अगुआ और आदिवासी समाज का मजबूत स्तंभ माना जाता है। उनकी अस्वस्थता से राज्य की राजनीति में चिंता की लहर है। अस्पताल सूत्रों का कहना है कि डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में उनकी स्थिति स्थिर है।