रांची: झारखंड में मानसून अब पूरी तरह से सक्रिय होता दिख रहा है। मौसम विभाग रांची द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज बनी रह सकती हैं। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ जिलों में भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि 28 जून तक वर्षा की तीव्रता बनी रह सकती है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बुधवार को आसमान में घने बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी दर्ज की गई।
विभाग ने बताया कि मानसूनी हवाएं अब राजस्थान के बाड़मेर, जयपुर, उत्तर प्रदेश के आगरा, रामपुर, बिजनौर होते हुए करनाल और हरियाणा की ओर बढ़ रही हैं। इस कारण झारखंड में भी वर्षा संबंधी गतिविधियों में तेजी देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ वातावरण में नमी बढ़ने की उम्मीद है।
जनता से अपील की गई है कि मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें, विशेष रूप से ग्रामीण और निम्न इलाकों में जलभराव से सतर्क रहें।