विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, उपायुक्त ने कार्यों में तेजी लाने का दिया निर्देश

Spread the News

रामगढ़: जिले में चल रही आधारभूत संरचना, वनाधिकार अधिनियम (FRA), भूमि अधिग्रहण और अन्य विकास परियोजनाओं को लेकर उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भारतमाला परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग-33, रेलवे विस्तार और अन्य सड़क निर्माण योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने विभिन्न परियोजनाओं के मुआवजा भुगतान की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अंचल अधिकारियों को ग्राम सभाओं के आयोजन सहित मुआवजा वितरण की सभी प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने को कहा।

इसके अतिरिक्त, सीसीएल, पथ निर्माण विभाग, पीवीयूएनएल और अन्य संस्थाओं द्वारा संचालित परियोजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने एफआरए, अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC), भूमि अधिग्रहण समेत लंबित मामलों को शीघ्र सुलझाने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान अंचल अधिकारियों से उनके क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं की प्रगति पर फीडबैक लिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में तेजी लाकर परियोजनाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।

समीक्षा बैठक में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परियोजना कार्यों के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं की जानकारी जिला प्रशासन को नियमित रूप से दी जाए, ताकि समय रहते उनका समाधान हो सके।

बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता के साथ-साथ विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय अधिकारी और अंचलाधिकारी भी मौजूद रहे।