जमशेदपुर: ट्रैफिक नियमों की लगातार अनदेखी करने वालों के लिए बड़ी चेतावनी है। जमशेदपुर में परिवहन विभाग ने फैसला लिया है कि अगर कोई वाहन चालक 10 बार से अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके ड्राइविंग लाइसेंस को रद्द कर दिया जाएगा।
परिवहन विभाग ऐसे वाहन चालकों की पहचान करने में जुटा है जिन पर बार-बार ऑनलाइन चालान किया गया है लेकिन न तो वे जुर्माना अदा कर रहे हैं और न ही अपने व्यवहार में सुधार ला रहे हैं। बिना हेलमेट वाहन चलाना और तेज रफ्तार से गाड़ी दौड़ाना सबसे आम उल्लंघन हैं। कुछ मामलों में तो 15 से 20 बार तक चालान कट चुके हैं।
प्रशासन इन चालकों के नाम, पते और मोबाइल नंबर जुटा रहा है। उन्हें जल्द ही नोटिस भेजे जाएंगे, साथ ही मोबाइल पर चेतावनी संदेश भी दिया जाएगा। तय समय सीमा के भीतर जुर्माना न चुकाने पर लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, चालकों के व्यवहार का विश्लेषण भी किया जा रहा है—कहीं वे बार-बार एक ही नियम तो नहीं तोड़ रहे या फिर लगातार अलग-अलग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इससे यह तय किया जाएगा कि कौन से चालक जानबूझकर लापरवाही कर रहे हैं।
सख्ती का असर पहले से दिखने लगा है। मई महीने में ही 312 लोगों के लाइसेंस निलंबित किए गए। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अन्य नियम उल्लंघनों के मामलों में करीब 22 लाख रुपये का चालान वसूला गया।
परिवहन विभाग का यह कदम ट्रैफिक नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।