झारखंड में प्रशासनिक फेरबदल: 57 IAS अधिकारियों का तबादला, कई को अतिरिक्त प्रभार

Spread the News

रांची। झारखंड सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 57 अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा बुधवार को इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई, जिसमें कई अधिकारियों को नयी जिम्मेदारियां दी गई हैं। सभी को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अफसरों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं। 2001 बैच के वरिष्ठ अधिकारी अमिताभ कौशल को वाणिज्यिक कर विभाग के सचिव पद पर बने रहने के साथ-साथ उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

वहीं, राजेश कुमार शर्मा, जो वर्तमान में आपदा प्रबंधन विभाग में सचिव हैं, को अब नागरिक सुरक्षा आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह अरवा राजकमल को भवन निर्माण विभाग के सचिव के साथ-साथ झारखंड राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष और खन आयुक्त का प्रभार भी मिला है।

ए डोडे को राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें भूमि अधिग्रहण, भू-अभिलेख और परिमाप निदेशालय का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

2011 बैच की अधिकारी राजेश्वरी बी, जो पहले वित्त विभाग में विशेष सचिव थीं, अब पंचायती राज विभाग की निदेशक होंगी। वहीं, शशि प्रकाश झा, जो अभी राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में विशेष सचिव हैं, को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) का कार्यक्रम निदेशक नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार के इस व्यापक फेरबदल में विभिन्न विभागों में नई तैनाती के साथ ही कार्य कुशलता को देखते हुए कई अधिकारियों को दोहरी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और विभागीय समन्वय बेहतर करने की उम्मीद जताई जा रही है।