तीन महीने पहले हुई थी हत्या, अब लिस्ट में नाम देख मचा बवाल
रोहतक: हरियाणा कांग्रेस की ओर से जारी की गई युवा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी सूची ने सभी को चौंका दिया है। इस सूची में एक ऐसा नाम शामिल है, जिसकी हत्या तीन महीने पहले ही हो चुकी थी। रोहतक की रहने वाली हिमानी नरवाल को प्रदेश सचिव पद के लिए चुना गया है, जबकि वह 1 मार्च 2025 को एक मर्डर केस का शिकार हो चुकी थी।
हिमानी नरवाल, जो कांग्रेस की सक्रिय सदस्य थीं, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सुर्खियों में आई थीं। सोशल मीडिया पर उनके राहुल गांधी के साथ तस्वीर वायरल हुई थी। संगठनात्मक चुनावों की ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत हिमानी ने भी नामांकन दाखिल किया था। इसी प्रक्रिया के तहत उन्हें प्रदेश सचिव चुना गया, मगर जिस वक्त यह नियुक्ति सार्वजनिक हुई, तब तक हिमानी इस दुनिया में नहीं थीं।
गौरतलब है कि मार्च में उनकी लाश सांपला बस स्टैंड के पास एक सूटकेस में मिली थी। इस मामले में एसआईटी ने आरोपी सचिन उर्फ ढुल्लू को गिरफ्तार किया था। दोनों की दोस्ती फेसबुक पर हुई थी और बाद में यह दोस्ती जानलेवा साबित हुई।
कांग्रेस की इस चूक को लेकर विपक्ष खासा हमलावर है। भाजपा ने कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर तंज कसा – “कांग्रेस अब संवेदनहीन हो चुकी है। जिनकी मौत हो चुकी है, उन्हें भी पद बांटे जा रहे हैं। यह पार्टी की नाकामी और दिशाहीनता का साफ सबूत है।”
इससे पहले भी कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठे थे, जब एक मृत नेता रघबीर सैनी को पार्टी बैठक में बुलाए जाने का मामला सामने आया था। अब मृतक हिमानी नरवाल को प्रदेश सचिव बनाए जाने से पार्टी की अंदरूनी लापरवाही फिर उजागर हो गई है।