देश के कई हिस्सों में बदला मौसम का मिजाज, मानसून की दस्तक का इंतजार

Spread the News

जालंधर: देशभर के कई इलाकों में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। जहां कुछ राज्यों में प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं, वहीं अन्य स्थानों पर मानसून की आमद का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में आगामी 24 से 48 घंटे के भीतर मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है। फिलहाल वहां प्री-मानसून के चलते आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है।

उत्तर-पश्चिम भारत में 21 जून तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने पंजाब सहित उत्तरी भारत के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बादलों की गड़गड़ाहट और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

उत्तराखंड में भी कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश, बिजली चमकने और झोंकेदार हवाओं को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। चारधाम यात्रा मार्ग पर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा के संकेत मिले हैं।

वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार की रात से लेकर सोमवार तड़के तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि, तेज गरज-चमक और आंधी देखने को मिली, जिससे मौसम में अचानक ठंडक घुल गई।

मौसम के इस बदलाव ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत भी बढ़ा दी है।