नक्सली हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ एएसआई, झारखंड-ओडिशा बॉर्डर पर आईईडी ब्लास्ट

Spread the News

रांची। झारखंड और ओडिशा की सीमा से सटे घने जंगलों में शनिवार सुबह नक्सल रोधी अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक आईईडी विस्फोटक सुबह लगभग 7:30 बजे फट गया। इस धमाके की चपेट में आकर सीआरपीएफ 134 बटालियन के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर सत्यवान कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की।

यह घटना ओडिशा के राउरकेला जिले के बोलंग थाना क्षेत्र में हुई, जहां सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम शुक्रवार से ही नक्सलियों के खिलाफ सघन तलाशी अभियान चला रही थी। शनिवार की सुबह जैसे ही टीम जंगल के भीतर बढ़ी, अचानक आईईडी ब्लास्ट हो गया। इस विस्फोट में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी एएसआई सत्यवान कुमार सिंह बुरी तरह घायल हो गए।

शहीद एएसआई को उपचार के लिए राउरकेला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गए। बाद में उनके पार्थिव शरीर को रांची लाया गया, जहां धुर्वा स्थित सीआरपीएफ 133 बटालियन मुख्यालय में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

घटना के बाद से झारखंड-ओडिशा बॉर्डर पर सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है और पूरे इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।