रांची, 12 जून: गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की खबर के बाद झारखंड समेत देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। इस घटना के बाद झारखंड में विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रद्द किया दौरा
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, जो हादसे के समय रामगढ़ में थे, जैसे ही उन्हें हादसे की सूचना मिली, उन्होंने अपना कार्यक्रम तत्काल स्थगित कर रांची लौटने का निर्णय लिया। मंत्री सेठ ने घटना पर गहरा दुख जताया और मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा और जदयू ने दिखाया संवेदनशीलता का भाव
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अहमदाबाद हादसे को देखते हुए अपने सभी सार्वजनिक और राजनीतिक कार्यक्रमों को स्थगित करने का फैसला लिया। रांची महानगर भाजपा द्वारा आयोजित मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी उद्घाटन कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया।
रांची विधायक सीपी सिंह और चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्रीय त्रासदी बताया। वहीं, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो और वरिष्ठ नेता सरयू राय ने इस दुर्घटना को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए इसे “अकल्पनीय त्रासदी” कहा। सरयू राय ने कहा, “यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय शोक का क्षण है।”
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की संवेदना
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए लिखा, “अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की खबर से स्तब्ध हूं। दिवंगतों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मरांग बुरू सबकी रक्षा करें।”
सार्वजनिक प्रतिक्रिया और उठते सवाल
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर आम जनता समेत देशभर के नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। इस घटना ने विमान सुरक्षा व्यवस्थाओं और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर भी गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। देश इस समय गहरे दुख के दौर से गुजर रहा है और हर किसी की निगाहें राहत और बचाव कार्यों पर टिकी हुई हैं।